दुर्गेश साहू धमतरी। दही-हांडी महोत्सव को लेकर पिछले कुछ दिनों से शहर में बनी असमंजस और विवाद की स्थिति पर रविवार को भारी बारिश के बीच हुई बैठक में सहमति बन गई। नगर निगम, श्रीराम हिंदू संगठन और सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तय किया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन का आयोजक श्रीराम हिंदू संगठन रहेगा, जबकि नगर निगम आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा। आयोजन को संयुक्त सहभागिता से भव्य रूप देने पर सहमति बनी। बैठक नगर निगम में सभापति की अध्यक्षता में आयोजित की गई। चर्चा के दौरान नगर निगम और श्रीराम हिंदू संगठन के बीच आयोजन को लेकर बनी स्थिति पर बातचीत हुई। इसके बाद दोनों पक्षों ने साथ मिलकर कार्यक्रम कराने पर सहमति जताई। श्रीराम हिंदू संगठन के संयोजक प्रवीण साहू ने कहा कि संगठन पिछले वर्षों से दही-हांडी महोत्सव आयोजित करता आ रहा है और आगे भी आयोजक की भूमिका में रहेगा। निगम की ओर से मिलने वाले सहयोग को स्वीकार करते हुए संगठन निगम और सर्व हिंदू समाज के साथ मिलकर आयोजन को भव्य स्वरूप देगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई संगठन लगातार किसी आयोजन को करता आ रहा है तो निर्णय लेने से पहले उससे चर्चा होनी चाहिए थी। उन्होंने बैठक के माध्यम से समाधान निकालने की पहल के लिए सभापति और सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों का आभार जताया। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि दही-हांडी आयोजन को लेकर नगर निगम, सर्व हिंदू समाज और श्रीराम हिंदू संगठन के प्रमुख लोगों की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि आयोजन संयुक्त रूप से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को एमआईसी की बैठक में प्रतिवर्ष 4 सितंबर को घड़ी चौक में दही-हांडी आयोजन कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था। इसी के तहत इस वर्ष भी आयोजन किया जाएगा। महापौर ने संगठन और सर्व हिंदू समाज की सहमति के लिए आभार जताया।
शिकायतों पर भी ऐसी ही पहल की जरूरत
बैठक से विवाद का समाधान निकलने के बाद अब लोगों का कहना है कि जिस तरह दही-हांडी आयोजन को लेकर सभी पक्षों को एक साथ बैठाकर बातचीत की गई और स्पष्ट निर्णय लिया गया, उसी तरह शहर की अन्य शिकायतों और समस्याओं को लेकर भी नगर निगम समय-समय पर बैठक बुलाए। लोगों की शिकायतों पर समयबद्ध और स्पष्ट कार्रवाई हो, ताकि छोटी बात बड़ा विवाद बनने से पहले ही सुलझ जाए। इससे नगर निगम और जनता के बीच संवाद बढ़ेगा, भरोसा मजबूत होगा और शहर में आपसी समन्वय का माहौल बनेगा।
0 Comments